चार्टर एक्ट, 1793
इस अधिनियम के माध्यम से कम्पनी के व्यापारिक अधिकारों को 20 वर्षों के लिए बढ़ा दिया गया तथा नियंत्रक मण्डल के सदस्यों को भारतीय राजस्व से वेतन देने की व्यवस्था की गई।
ब्रिटिश भारतीय क्षेत्रों में लिखित विधियों द्वारा प्रशासन की नींव रखी गई तथा सभी कानूनों व विनियमों की व्याख्या का अधिकार न्यायालय को प्रदान किया गया।
चार्टर एक्ट, 1813
इस एक्ट के द्वारा भारत में कंपनी के व्यापारिक एकाधिकार को समाप्त करके कुछ प्रतिबंधों के साथ सभी अंग्रेजों को भारत से व्यापार करने की छूट मिल गई। किन्तु कंपनी का चाय एवं चीन के साथ व्यापार पर एकाधिकार बना रहा।
भारतीय राजस्व से व्यय करने के लिए नियम एवं पद्धतियाँ बनाई गई। इस चार्टर ने कलकत्ता, बंबई और मद्रास की सरकारों द्वारा बनाई गई विधियों का ब्रिटिश संसद द्वारा अनुमोदन किया जाना अनिवार्य बना दिया। ब्रिटिश संसद की अनुमति के बिना ये विधियाँ लागू नहीं की जा सकती थीं।
कंपनी को गवर्नर जनरल गवर्नरों तथा प्रधान सेनापतियों को नियुक्त करने का अधिकार दिया गया। इसके लिए ब्रिटिश क्राउन की स्वीकृति अनिवार्य थी।
कंपनी को पुनः अगले 20 वर्षों के लिए भारतीय प्रदेशों एवं राजस्व पर नियंत्रण का अधिकार दे दिया गया, किंतु यह स्पष्ट कर दिया गया कि इससे इन प्रदेशों पर क्राउन के प्रभुत्व पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
इस एक्ट में भारत में शिक्षा के प्रसार के लिए एक लाख रूपये की वार्षिक धनराशि के व्यय का प्रावधान किया गया। साथ ही, भारत में ईसाई मिशनरियों को धर्म प्रचार की अनुमति दी गई।
1833 का चार्टर अधिनियम
ब्रिटिश भारत के प्रशासनिक केन्द्रीकरण की दिशा में यह अधिनिमय निर्णायक कदम था। इस अधिनियम की विशेषताएँ निम्नलिखित थीं –
इसने बंगाल के गवर्नर जनरल को भारत का गवर्नर जनरल बना दिया, जिसमें सभी नागरिक एवं सैन्य शक्तियाँ निहित थीं। इस प्रकार इस अधिनियम ने पहली बार एक ऐसी सरकार का निर्माण किया, जिसका ब्रिटिश अधिकार वाले संपूर्ण भारतीय क्षेत्र पर पूर्ण नियंत्रण था।
इसने मद्रास और बंबई के गवर्नरों को विधायी शक्ति से वंचित कर दिया। भारत के गवर्नर जनरल को पूरे ब्रिटिश भारत में विधायिका के असीमित अधिकार प्रदान कर दिए गए। इसके अंतर्गत, पहले बनाए गए कानूनों को नियामक कानून (Regulatory Laws) कहा गया एवं नए कानून के तहत बने कानूनों को अधिनियम (Act) कहा गया।
ईस्ट इंडिया कंपनी की एक व्यापारिक निकाय के रूप में की जाने वाली गतिविधियों को समाप्त कर दिया गया। अब यह पूर्ण रूप से प्रशासनिक निकाय बन गई। इसके अन्तर्गत कंपनी के अधिकार वाले क्षेत्र ब्रिटिश राजशाही और उसके उत्तराधिकारियों के नियंत्रण में आ गये।
चार्टर एक्ट, 1833 ने सिविल सेवकों के चयन के लिए खुली प्रतियोगिता का आयोजन प्रारम्भ करने का प्रयास किया। अधिनियम की धारा 87 वर्णित किया गया कि, रंग, जाति तथा धर्म के आध र पर कंपनी की सेवा से भारतीयों को किसी भी पद कार्यालय और रोजगार को प्राप्त करने से वंचित नहीं किया जाएगा। कालांतर में यही धारा प्रशासन में भारतीय की भागीदारी हेतु मुख्य आधार बनी।
विधिक परामर्श हेतु गवर्नर जनरल की परिषद् में प्रथम विधि सदस्य के रूप लॉर्ड मैकाले को शामिल किया गया। उसे केवल परिषद् की बैठकों में भाग लेने का अधिकार था, मतदान का नहीं।
विधियों के संहिताकरण के लिए गवर्नर जनरल को आयोग गठित करने का प्राधिकार दिया गया। 1834 ई. में लॉर्ड मैकाले (Lord Macaulay) की अध्यक्षता में चार सदस्यीय विधि आयोग का गठन किया गया।
1853 का चार्टर अधिनियम
1793 ई. से 1853 ई. के दौरान ब्रिटिश संसद द्वारा पारित किए गए चार्टर अधिनियमों की श्रृंखला में यह अंतिम चार्टर अधिनियम था। संवैधानिक विकास की दृष्टि से यह एक महत्वपूर्ण अधिनियम था। इस अधिनियम के द्वारा गवर्नर जनरल की परिषद के विधायी कार्यों को प्रशासनिक कार्यों से पृथक करने की व्यवस्था की गई। विधि निर्माण हेतु, भारत के लिए एक अलग 12 सदस्यीय विधान परिषद् (All India Legislative Council ) की स्थापना की गई। विभिन्न क्षेत्रों व प्रान्तों के प्रतिनिधियों को इसका सदस्य बनाकर सर्वप्रथम क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का सिद्धान्त लागू किया गया। परिषद् की इस शाखा ने छोटी संसद की तरह कार्य किया।
गवर्नर जनरल की परिषद् में छः नए सदस्यों में से चार का चुनाव बंगाल, मद्रास, बंबई और आगरा की स्थानीय प्रांतीय सरकारों द्वारा किया जाता था। विधान परिषद् का प्रमुख कार्य देश के लिए विधि बनाना था। किन्तु इस विधि को अधिनियम बनने के लिए, गवर्नर जनरल की अनुमति आवश्यक थी। ऐसी विधियों पर गवर्नर जनरल वीटो (Veto) भी कर सकता था।
इस अधिनियम के अन्य प्रावधान निम्नलिखित हैं
1. बंगाल के प्रशासनिक कार्यों के लिए एक पृथक लेफ्टिनेन्ट गवर्नर नियुक्त किया गया।
2. विधि सदस्य को गवर्नर जनरल की परिषद् का पूर्ण सदस्य बना दिया गया।
3. कंपनी के महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति के लिए सीधी भर्ती के स्थान पर प्रतियोगी परीक्षाओं को आधार बनाया गया।
[…] बम्बई में कम्पनी द्वारा ढाले गए सिक्कों को सम्पूर्ण […]